दिल्ली में 23 दिसंबर 2019 को संपन्न होने जा रहे राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन शिरकत नहीं करेंगे। बीमार होने की वजह से अमिताभ बच्चन को डॉक्टर द्वारा सफर ना करने की हिदायत दी गई है। इसके चलते अब अमिताभ बच्चन चाह कर भी सिनेमा जगत के इस प्रतिष्ठित समारोह का हिस्सा बनने में असमर्थ हैं।
अमिताभ बच्चन ने 22 दिसंबर की शाम को एक ट्वीट के माध्यम से खुद यह जानकारी शेयर की है। बिग बी के ट्वीट से साफ नजर आ रहा है कि उन्हें दिल्ली ना जा पाने का काफी पछतावा है।

ट्वीट करते हुए अमिताभ बच्चन ने लिखा, ‘बुखार हो गया है…! यात्रा करने की अनुमति नहीं है…दिल्ली में कल राष्ट्रीय पुरस्कार में शामिल नहीं पाऊंगा…काफी दुर्भाग्यपूर्ण…मुझे पछतावा है।’
गौरतलब है कि 66वें राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में अमिताभ बच्चन को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाना है। यह भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा सम्मान है। बिग बी को फिल्म जगत में उनके अभूतपूर्व योगदान और उत्कृष्ट अभिनय के लिए इस इस सम्मान से नवाजा जाना है।
