
PATNA : लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा बिहार में चारों ओर बिखरी है. राजधानी पटना में छठ को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. करीब 2 हजार जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं. दानापुर से पटना सिटी तक 12 जवान बाइक से गश्ती करेंगे. साथ ही आठ अस्थायी थाने भी बनाए गए हैं. एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि क्राउड मैनेजमेंट और ट्रैफिक कंट्रोल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है.

वहीं एसएसपी मनु महाराज खुद भी लगातार फिल्ड में हैं. अच्छी तरह से मॉनिटरिंग कर रहे हैं.पटना में पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

इनमें 2425 लाठी बल, 1000 होमगार्ड, एक ट्रूप घुड़सवार बल, छह कम्पनी बीएमपी, एक कम्पनी रैफ पटना के लिए तैनात किया गया है. इसके साथ ही एक हजार के करीब दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है.

बिहार के उन 10 जिलों में जहां नदियों के किनारे छठ पूजा होती है वहां भी विशेष ध्यान दिया गया है. इसके लिए एक कंपनी रैफ भागलपुर, एक-एक कम्पनी एसएसबी मुंगेर और सीतामढ़ी के लिए तैनात की गई है.

इन जिलों में एनडीआरएफ के 500 से अधिक और एसडीआरएफ के 1800 जवान भेजे गए हैं. इनमें पटना के लिए 200, भागलपुर के लिए 100 और बेगूसराय के लिए 80 जवान तैनात गए हैं.
दीघा से पटना सिटी तक 91 घाटों पर अस्थायी मेडिकल कैंप बनाये गये हैं. इनमें 20 तरह की दवाओं के साथ एक डॉक्टर और एक पारा मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रहेंगे.

दो-तीन घाटों को जोड़कर 32 मेडिकल टीम और इतने ही एम्बुलेंस की तैनाती की गई है. इसके अलावा 4 रिवर एम्बुलेंस भी गंगा नदी में तैनात रहेंगे.

एक मेडिकल टीम पटना चिड़ियाघर में भी रहेगी. साथ ही सभी मेडिकल कॉलेज, सरकारी अस्पताल और पांच 5 निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने को कहा गया है.