लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के आप्रवासी श्रमिकों को हो रही परेशानी के संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में क्वारंटाइन सेंटर में आप्रवासियों की समस्याओं का भी जिक्र किया है।
चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि उनका यह आग्रह है कि जिन राज्यों में बिहार के आप्रवासी श्रमिक फंसे हैं, वहां के मुख्यमंत्रियों से वे सीधा संवाद करें। वे यह सुनिश्चित करें कि वहां रह रहे बिहारी श्रमिकों को जब तक लाया नहीं जाता, तब तक उनके रहने व खाने की उचित व्यवस्था की जाए।

चिराग पासवान ने यह भी कहा कि बाहर के राज्यों में फंसे श्रमिकों को बिहार आने के लिए निबंधन कराने में भी काफी परेशानी हो रही है। पंजीकरण के लिए जो हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, उनमें अधिकांश नंबरों पर संपर्क नहीं हो रहा है। पंजीकरण नहीं होने की वजह से उन श्रमिकों को यहां आने की इजाजत नहीं मिल रही है। विभिन्नराज्य में फंसे श्रमिकों की सूची बिहार को केंद्र सरकार के साथ साझा करनी चाहिए।
चिराग पासवान ने बिहार आ चुके श्रमिकों की स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने क्वारंटाइन सेंटर में उन्हें बेहतर सुविधाएं देने की भी बात रखी।
सोर्स : जागरण