अभिनेत्री रवीना टंडन जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए ‘नो हंगर’ मुहिम का हिस्सा बन गई हैं। 28 मई को वर्ल्ड हंगर डे के मौके पर रवीना ने यह घोषणा की। इस पहल की मदद से वह देश भर के लाखों बच्चों और उनके परिवारों की खाने की कमी को पूरा करेंगी।
कोविड 19 महामा’री के कारण बहुत से अल्पपोषित बच्चे भूख और अपर्याप्त पोषण से जूझ रहे हैं। ऐसे वक्त में रवीना टंडन एक मनोरंजन चैनल के खास डिजिटल शो के जरिए अपना समर्थन दिखा रही हैं। इस शो का लक्ष्य देश के नागरिकों को इस दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।

अपनी इस पहल के बारे में रवीना कहती हैं, ‘इस तथ्य को स्वीकार करने में मेरे दिल को ठेस पहुंचती है कि हमारे देश में लाखों बच्चे ऐसे हैं जो मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहते हैं। उनका परिवार नहीं है, रहने के लिए घर नहीं है।’
रवीना आगे कहती हैं, ‘मुझे लगता है कि यह सभी की जिम्मेदारी है कि वे जितना हो सके उतना इन बच्चों के लिए करें। मैंने हमेशा से माना है कि जो भी जरूरत में हैं उनतक मदद पहुंचानी चाहिए। भारत के नागरिक के तौर पर मुझे लगता है कि जरूरतमंदों की मदद करना हमारा कर्तव्य है।’