पटना. पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने कहा कि अगर हिम्मत है तो भाजपा अयोध्या में राम मंदिर बना ले, उन्हें किसने रोका है। जब-जब चुनाव आता है तब-तब भाजपा को राम की याद आने लगती है। सच तो यह है कि भाजपा मंदिर बनाना नहीं चाहती, वह इस मामले पर सिर्फ राजनीति कर रही है। राबड़ी देवी सोमवार को बिहार विधानमंडल की कार्यवाही में शामिल होने पहुंची थी। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ये बात कही।
मंदिर बनाएं, लोग साथ खड़े हैं
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर बनाने से कौन रोकने वाला है? इस मामले में कोई नहीं रोकेगा, देश भर के लोग साथ खड़े हैं। पत्रकारों को भाजपा से सवाल करना चाहिए कि वे राम मंदिर क्यों नहीं बना रहे हैं?
मंदिर बने, लेकिन सबकी सहमति से
राबड़ी देवी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए, लेकिन सबकी सहमति से। फिलहाल मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है और अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं आया है। अगर भाजपा सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले को दरकिनार कर मंदिर बनाना चाहती है, तो बना ले।