एंट्रेक्स ट्रांसपोर्टेशन प्राइवेट लिमिटेड की जिला डिलीवरी कार्यालय में शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों की क्षति

मुजफ्फरपुर। दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाने क्षेत्र के बंगाली टोला में रविवार की रात एक ट्रांसपोर्ट कार्यालय में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मेहनत की। लेकिन, कोशिश नाकाम होने पर घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष आरके शर्मा के नेतृत्व में कई पुलिस कर्मियों ने भी आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचते ही लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद जाकर आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तब तक पूरा सामान जलकर राख हो गया।

हुई लाखों की क्षति

घटना के संबंध में बताया जाता है कि एंट्रेक्स ट्रांसपोर्टेशन प्राइवेट लिमिटेड की जिला डिलीवरी कार्यालय में रात के डेढ़ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें देख लोग सन्न रह गए और शोर करने लगे। धुआं और गंध की वजह से लोगों को आग पर काबू पाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच दूसरी मंजिल तक आग पहुंच गई। हालांकि, वहां बहुत ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। नकदी सहित भारी मात्रा में सामान जलने से लाखों की क्षति होने की बात कही गई है।
एंट्रेक्स ट्रांसपोर्टेशन प्राइवेट लिमिटेड की जिला डिलीवरी कार्यालय स्व. डॉ. डीएन मिश्रा के पुत्र दुर्गेश मिश्रा के मकान में चल रहा था। 4 महीने से कंपनी के कार्यालय में फ्लिपकार्ड, मंत्रा, जवाग, उड़ान की ऑनलाइन शॉपिंग का डिलीवरी कार्यालय चल रहा था । कंपनी के मैनेजर निखिल सौरभ, कर्मी गोविंद, सूर्य प्रकाश मंडल, केशव, विजय, मनीष ने बताया कि आग लगने से लाखों रुपये के सामान सहित भारी मात्रा में नकदी जलने की बात कही है। इधर, थानाध्यक्ष शर्मा ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है ऐसा प्रतीत हुआ है। आग से कितने की क्षति हुई है इसकी लिखित जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading