मुजफ्फरपुर. नगर निगम की टीम ने जब अतिक्रमण कर बनाई गईं दुकानों पर बुल्डोजर चलाना शुरू किया तो अधिकतर दुकानदार विरोध करने लगे। कुछ देर झड़प के बाद आगजनी व सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।
जब नहीं माने लोग तो पुलिस ने खदेड़ कर भगाया
स्थिति बेकाबू होने की सूचना नगर थाने को दी गई। थानेदार धनंजय कुमार काफी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने पहले सड़क जाम करने वालों से वार्ता की। जब वे नहीं माने तो पुलिस सख्त हुई। बवाल कर रहे 4 लोगों को हिरासत में लेते हुए अन्य को खदेड़ दिया। उसके बाद स्टेशन रोड में जिला परिषद से लेकर नगर निगम कार्यालय तक सड़क व नाला पर बनीं दुकानें पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्त की गईं।
विरोध में लोगों ने की आगजनी
नगर आयुक्त संजय दूबे के आदेश पर सिटी मैनेजर ओमप्रकाश के नेतृत्व में दोपहर 2:30 बजे स्टेशन रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। नगर निगम गेट के सामने ही दुकानदार विरोधस्वरूप हंगामा करने लगे। टीम से उनकी झड़प होने लगी। लोगों ने स्टेशन रोड मुख्य सड़क को बांस-बल्ला व बेंच लगा जाम कर दिया। आसपास से सामान इकट्ठा कर रोड पर ही आग लगा दी। हालात बिगड़ते देखकर नगर निगम की टीम को पीछे हटना पड़ा।
अनियंत्रित स्थिति की सूचना सिटी मैनेजर ने डीएम व नगर आयुक्त को दी। नगर थाने की पुलिस और क्यूआरटी की टीम महज 10 मिनट में वहां पहुंच गई। काफी संख्या में पुलिस बल को देख हंगामा कर रहे दुकानदार इधर-उधर भागने लगे। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क जाम करने को लेकर हिरासत में लिए गए चारों लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें मुचलका पर मुक्त भी कर दिया गया है।
क्यूआरटी ने पहुंच कर आग बुझाई
क्यूआरटी जवान ने स्टेशन रोड में पहुंच कर सबसे पहले आग बुझाई। बाद में जेसीबी से जाम सड़क को खाली कराया गया। बवाल के दौरान सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। आग बुझने पर रोड को चालू किया गया। क्यूआरटी व पुलिस बल के पहुंचने पर निगम की टीम पुरी मुश्तैदी से अभियान में जुट गई।
आम राहगीर रहे भयभीत
अतिक्रमण को लेकर सड़क पर हो रहे बवाल से सड़क के दोनों तरफ आम राहगीर काफी भयभीत दिखे। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। कुछ लोग स्टेशन परिसर तो कुछ लोग सदर अस्पताल रोड में अपनी गाड़ी को मोड़ दिए।