HDFC बैंक की रेकी कर रहा चोर गिरफ्तार: सीवान में शहर के बीचों-बीच बैंक की रेकी कर रहे चोर को टाइगर पुलिस ने धर दबोचा; दूसरा फरार

सीवान में शहर के बीचों-बीच स्थित एक बैंक की पिछले कई दिनों से रेकी कर रहे चोरों में से 1 को टाइगर पुलिस ने शुक्रवार को धर दबोचा। जबकि, दूसरा चोर फरार हो गया। इस गिरोह पर सीवान पुलिस नजर रख रही थी। HDFC बैंक की शाखा में रेकी की गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

फिलहाल गिरफ्तार चोर अपना नाम नहीं बता रहा है, ना ही गिरोह के बारे में ही कुछ जानकारी दे रहा है। पुलिस ने बताया कि ये चोर एक गिरोह के हैं, जो चोरी, छिनतई, पॉकेटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।

कई दिनों से थी पुलिस की नजर

शहर के राजेन्द्र पथ स्थित HDFC बैंक शाखा की पिछले कई दिनों से रेकी की जा रही थी। जिसकी गुप्त सूचना मिलने पर नगर थाना के टाइगर पुलिस के जवान प्रभाकर कुमार अपने टीम के साथ सादे वर्दी में HDFC बैंक पहुंचकर करवाई करते हुए एक चोर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा मौके से भागने में सफल रहा। वहीं, बैंक की रेकी की घटना के उजागर होने के बाद बैंक आए लोग सहमे दिखाई दिए।

चोरी, छिनतई, पॉकेटमारी है गिरोह का मुख्य काम

नगर थाना इंस्पेक्टर जयप्रकाश पंडित ने बताया कि गिरफ्तार चोर किसी बड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो अपना नाम नहीं बता रहा है। लेकिन, उसने अपना पता किशनगंज जिला बताया है। ये लोग मुख्यत: चोरी, छिनतई, पॉकेटमारी आदि घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। बैंकों के आसपास रेकी करते रहते हैं और जो लोग बैंक से पैसा लेकर निकलते हैं, मौका देखकर उनका पीछा कर रास्ते में छिनतई की घटना को अंजाम देते हैं। इसके अन्य साथियों तक पहुंच कर गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए कारवाई की जा रही है।

हाजीपुर के HDFC बैंक में हुई थी बड़ी लूट

पिछले दिनों हाजीपुर के HDFC बैंक शाखा में बड़ी लूट की गई थी, जिसके बाद से पुलिस प्रशासन के कान खड़े हो गए थे। वहीं, सीवान में भी HDFC बैंक की रेकी कर चोर गिरोह किसी बड़े वारदात की योजना में लगा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक चोर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, दूसरा फरार हो गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.