पटनाः लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) में दो गुट होने के बाद रविवार को सांसद चिराग पासवान ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर पार्टी की बैठक बुलाई है. कार्यकारिणी की बैठक शुरू होने के पहले चिराग पासवान ने नेताओं की शपथ दिलवाई. इसके बाद पार्टी में अब तक जो हुआ और आगे क्या कैसे करना है उसपर चर्चा की जाने की बात कही जा रही है. वहीं दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि चिराग पासवान अपने पिता रामविलास पासवान के जन्मदिन पर बिहार में ‘संघर्ष यात्रा’ की भी शुरुआत कर सकते हैं.
बता दें कि बीते शनिवार की रात ही चिराग पासवान ने लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की थी. चिराग ने कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को तथ्यों से अवगत कराया और उनसे एलजेपी के निलंबित सांसदों में से एक पशुपति कुमार पारस को लोकसभा में एलजेपी के अध्यक्ष के रूप में स्वीकार करने के फैसले की समीक्षा करने के लिए आग्रह किया. चिराग पासवान ने कहा कि यह गैरकानूनी है और उनकी पार्टी का संविधान इसकी इजाजत नहीं देता.
वहीं, दूसरी ओर एलजेपी में दो गुट होने के बाद चिराग पासवान के चाचा और हाजीपुर से एलजेपी सांसद पशुपति पारस ने शनिवार को ही एक विज्ञप्ति जारी कर राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के नाम और पद का एलान कर दिया है.
बता दें कि पशुपति पारस ने चिराग पासवान से खुद को चार सासंदों के साथ मिलकर अपना गुट बना लिया था. इसके बाद उन्होंने पटना में पशुपति पारस को उनके गुट ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया.