बिहार में जब सड़कें अच्छी बनी तो सड़क हादसे अचानक तेजी से बढ़ गये. पिछले कुछ साल के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य में हर साल करीब 7000 लोगों की मौत राज्य में सड़क हादसे में हो जाती है. इसे देखते हादसों में कमी लाने को लेकर बिहार सरकार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोलने की तैयारी की जा रही है. नौसिखिया वाहन चालक हादसों का कारण न बनें इसके लिए परिवहन विभाग बड़ी तैयारी कर रही है. ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल के जरिए सड़क पर उतरने से पहले ड्राइवर को पर्याप्त ट्रेनिंग दी जाएगी.
बिहार में कभी सड़क ढूंढने से भी नहीं मिलती थी लेकिन जब से सड़कों के मामले में राज्य बेहतर स्थिति में पहुंचा तब से दुर्घटनाएं बेतहाशा बढ़ गई. पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य में सड़क हादसों में हर साल करीब 14000 से भी ज्यादा लोग हताहत हो रहे हैं. इनमें से आधे से ज्यादा लोगों की जान चली जाती है. दुर्घटनाएं कम करने के लिए बिहार का परिवहन विभाग कई प्रयास कर रहा है.

बिहार में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नौसिखिया वाहन चालकों को पहले से ही कुशल प्रशिक्षण देने के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में कुल 76 मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोले जाएंगे. पटना के फुलवारीशरीफ में राज्य पथ परिवहन निगम के नवनिर्मित कैंपस में भी ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल बन रहा है. परिवहन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल खोलने के लिए जहानाबाद कटिहार रोहतास और कैमूर में सिविल वर्क चल रहा है.