बिहार में एसटीईटी रिजल्ट आने के बाद धांधली को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है. इधर रविवार को मुजफ्फरपुर में छात्र राजद के द्वारा विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर के टावर चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका गया और जमकर नारेबाज की गई.
छात्र राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव चंदन यादव ने कहा कि प्रत्येक जिले में सभी जिला मुख्यालयों पर एसटीईटी अभ्यर्थियों के साथ हुई धांधली को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है और जब तक एसटीईटी अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलेगा, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. अगर जरूरत पड़ी तो राजभवन के लिए मार्च भी निकाला जाएगा. एसटीईटी रिजल्ट के बाद नीतीश सरकार विपक्ष से लेकर अभ्यर्थियों के निशाने पर है. जिसको लेकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन तेज है.

दक्षिण भारतीय अभिनेत्री के एसटीईटी एग्जाम पास होने पर बवाल खड़ा हुआ था. जिसके बाद लगातार कई संगठनों की ओर से जोरदार हंगामा काटा जा रहा है. इसी बीच बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने घोषणा किया कि एसटीईटी एग्जाम में उत्तीर्ण छात्रों को नियुक्ति दिया जाएगा. लेकिन धांधली को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश अभी तक ठंडा नहीं पड़ा है.