‘ब्लैक’ में मिल रहा ब्लैक फंगस का इंजेक्शन: रेमडेसिवीर के बाद अब इम्फोटेरेसिन B इंजेक्शन की कालाबाजारी, 7 हजार में इंजेक्शन की एक वायल

कोरोना के बाद अब ब्लैक फंगस की दवाई ब्लैक हो रही है। सरकार इंजेक्शन मुहैया नहीं करा पा रही है। 3 दिनों से प्राइवेट हॉस्पिटल को एक भी वायल इंजेक्शन नहीं मिली है। बाजार में एक वायल के लिए 7 हजार मांगा जा रहा है। निजी अस्पतालों से लेकर सरकारी अस्पतालों में स्थिति गंभीर हो रही है। हर दो दिन पर इंजेक्शन के लिए हाहाकार मच रहा है। औषधि विभाग ने मंगलवार की शाम तक इंजेक्शन आने की बात कही है, लेकिन स्टाक आता भी है तो अस्पतालों को इंजेक्शन बुधवार को ही मिल पाएगी।

मरीजों के लिए कितनी जरुरी है दवाएं

ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए एंटी फंगल दवाएं काफी आवश्यक है। इन्हें हर दिन इसकी डोज नस में दी जानी चाहिए। खून में जाने के बाद यह अच्छे से काम करती है जबकि गोली उतना तेज असर नहीं करती है। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ मनीष मंडल का कहना है कि ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए इंजेक्शन की डोज हर दिन चाहिए। अगर इसमें गैप होता है तो रिकवरी कफी देरी से होती है। फंगस काफी तेजी से फैलता है और यह नाक के रास्ते साइनस आंख होते हुए ब्रेन तक फैल जाता है। इसलिए इसका ट्रीटमेंट समय से होना बेहद जरूरी है। ऐसे में इंजेक्शन चाहिए होता है।

IGIMS में 4 नए मरीज

इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में 24 घंटे में ब्लैक फंगस के 5 नए मरीज भर्ती हुए हैं। हालांकि 24 घंटे में एक भी ब्लैक फंगस के मरीज की मौत नहीं हुई है। ब्लैक फंगस के कुल 108 संक्रमित भर्ती हैं। एक मरीज को एक दिन में 6 वायल इंजेक्शन देना पड़ता है। आए दिन इंजेक्शन खत्म हो जा रहा है जिससे काफी समस्या हो जाती है। पटना AIIMS में भी मरीजों की भीड़ है। PMCH और NMCH में भी ब्लैक फंगस के मरीज हर दिन आ रहे हैं। ऐसे में इंजेक्शन को लेकर समस्या हो रही है। पटना के निजी हॉस्पिटल पारस और रुबन में भी मरीज भर्ती हैं जिन्हें इंजेक्शन नहीं मिल पा रहा है।

डिमांड से कम है सरकार का स्टाक

ब्लैक फंगस के इंजेक्शन की जितनी डिमांड है उतनी आपूर्ति हो ही नहीं पा रही है। सरकार की तरफ से औषधि विभाग को जिम्मा सौंपा गया है। औषधि विभाग ही अस्पतालों को इंजेक्शन मुहैया कराता है। लेकिन जब भी स्टाक आता है दो दिनों में खाली हो जाता है। ऐसे में काफी समस्या हो जाती है। इस कारण से बाजार में इंजेक्शन की कालाबाजारी हो रही है। पटना के मरीजों के परिजन ही इसका खुलासा करते हैं। इंफोटेरेसिन बी के एक वायल के लिए बाजार में 7 हजार रुपए की डिमांड की जा रही है। पारस हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज के परिजन ने बताया कि अस्पताल से इंजेक्शन लाने के लिए बोला गया। वह बाजार में भटकता रहा। जीएम रोड पर एक वायल के लिए 7 हजार रुपए मांगे गए। अब सवाल यह है कि सरकार इसकी पर्याप्त डोज क्यों नहीं मंगा पा रही है। बाजार में इस इंजेक्शन की कालाबाजारी रोकने के लिए क्या व्यवस्था बनाई गई है। इंजेक्शन की कमी के कारण मरीजों की समस्या बढ़ रही है और परिवार भी परेशान हो रहा है। औषधि नियंत्रक कमला कुमारी का कहना है कि इंजेक्शन का स्टाक खाली है। आपूर्ति होने पर अस्पतालों को एलॉट किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.