शिक्षा विभाग ने राज्य के प्रारंभिक स्कूलों में 94 हजार शिक्षकों के पद पर छठे चरण के तहत होने वाली नियुक्ति के लिए 23 जून को जारी शिड्यूल को संशोधित किया है। इसके मुताबिक पूर्व से निर्धारित वैसी प्रारंभिक नियोजन इकाइयां, जहां दिव्यांगों के नए आवेदन नहीं आए हैं, उनमें काउंसिलिंग तो 5 जुलाई से ही आरंभ होगी लेकिन इसके लिए नगर निकाय और प्रखंड नियोजन इकाइयों के अभ्यर्थियों को दो-दो दिन का समय दिया गया है।
मध्य विद्यालय के शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग एक दिन जबकि पहली से पांचवीं के अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग दूसरे दिन रखी गयी है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक नगर निकाय, प्रखंड नियोजन इकाई के सभी अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जिला मुख्यालय में आयोजित की जाएगी, जबकि और पंचायत नियोजन इकाई द्वारा प्रखंड मुख्यालय में काउंसिलिंग करायी जाएगी।
अपर मुख्य सचिव द्वारा जारी संशोधित शिड्यूल के मुताबिक 5 जुलाई को नगर निकाय नियोजन इकाई द्वारा कक्षा-छह से आठ, जबकि 6 जुलाई को पहली से पांचवीं के शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग आहूत की जाएगी। प्रखंड नियोजन इकाइयों द्वारा 7 जुलाई को जिला मुख्यालय में मध्य विद्यालय शिक्षकों की जबकि 8 जुलाई को प्राथमिक शिक्षकों की काउंसिलिंग होगी। वहीं पंचायतों की नियोजन इकाइयां 23 जून को जारी नियोजन कार्यक्रम के अनुरूप अब भी 12 जुलाई को पहली से पांचवीं के शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग प्रखंड मुख्यालयों में आयोजित करेंगी।