मुज़फ़्फ़रपुर: 100 रुपए के पेट्रोल में शहर में 20 से 25 किलोमीटर ही चल पा रही बाइक

शहर के विभिन्न इलाकों में जो निर्माण कार्य चल रहे हैं, उसकी वजह से जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ी है। ट्रैफिक जाम न सिर्फ लोगों के लिए परेशानियों की वजह बनती है। बल्कि, इसका सीधा असर उनकी जेब पर भी पड़ रहा है। लगातार जाम में फंसे रहने से डीजल-पेट्रोल की खपत दोगुनी हो रही है। साथ ही गाड़ी के इंजन पर भी असर पड़ता है। क्लच प्लेट की लाइफ 50 से 75% तक कम हो जा रही है।

ट्रैफिक जाम बाइक सवारों की जेब पर डाल रहा असर : पानी टंकी चौक स्थित बाइक मैकेनिक शाहनवाज हुसैन नौशाद ने बताया कि सामान्य स्थिति में एक लीटर पेट्रोल में 150 सीसी की बाइक तकरीबन 45 किमी व 100 सीसी की बाइक 60 किमी तक की दूरी तय करती है। लेकिन, लगातार जाम में फंसे रहने से 125 व 150 सीसी की बाइक एक लीटर यानी 101 रुपए के पेट्रोल में 20 से 25 किमी की दूरी ही तय कर पाती है। वहीं, 100 सीसी की बाइक 60 की जगह 35 से 38 किलोमीटर दूरी ही तय कर पाती है। इस हिसाब से देखा जाए तो जाम की वजह से मुजफ्फरपुर के लोग 101 नहीं 150 रुपए पेट्रोल भरवा रहे हैं।

जाम की वजह से ऑटो मालिक भी झेल रहे नुकसान : मुजफ्फरपुर ऑटो रिक्शा कर्मचारी संघ के महासचिव इलियास इल्लू ने बताया।एक लीटर डीजल में 20 से 22 किमी की दूरी ऑटो को तय करनी चाहिए। यानी इतना डीजल में बैरिया से स्टेशन तक दो फेरा आसानी से लग जाएगा। लेकिन, जाम की वजह से बैरिया से स्टेशन तक 1 लीटर डीजल आने या जाने में ही खत्म हो जा रहा है। इसका सीधा नुकसान ऑटो मालिकों को हो रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.