पीरो प्रखंड के वैसाडीह गांव निवासी विजय शंकर उपाध्याय के पुत्र अविनाश कुमार बीपीएससी की 65वीं मेंस परीक्षा में पास हो गए। लेकिन होनी को शायद यही मंजूर था कि अविनाश इसकी खुशी नहीं मना सकते। कारण कि बीते 24 जून को ही अविनाश कुमार की कोरोना से मौ’त हो चुकी है। बुधवार को जब बीपीएससी परीक्षा का रिजल्ट आया तो वैसाडीह में अविनाश के परिवार में लोग सिसकियां लेने लगे। हर ओर मातम और गहरा हो गया। अविनाश मेधावी छात्रों में था। परिवार के सदस्य निलेश उपाध्याय ने बताया कि अविनाश के बड़े भाई रेलवे में बतौर चालक कार्यरत हैं।

अविनाश भोपाल से इलेक्ट्रानिक्स कम्यूनिकेशन में बी टेक किया था।जिसके बाद अच्छे पैकेज पर उसका कैम्पस सलेक्शन हुआ था। उसने नौकरी को दरकिनार कर पढ़ाई जारी रखते हुए बीपीएससी की तैयारी के लिए दिल्ली पहुंच गया। बीपीएससी की 64 वीं परीक्षा में मुख्य परीक्षा में छंट गया था। 24 अप्रैल को वह कोरोना की चपेट में आ गया था। जहां कुछ दिन इलाज के बाद स्वस्थ्य होकर घर आ गया था। कुछ दिन बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गयी। सांस लेने में तकलीफ के बाद हॉस्पीटल में इलाज चल रहा था। जहां 24 जून को निधन हो गया।