बढते जलस्तर के बीच डीएम प्रणव कुमार ने मीनापुर मे लिया बूढ़ी गंडक के तटबंध का जायजा

विभिन्न नदियों के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।स्वयं जिलाधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं। आपदा प्रबंधन प्रशाखा भी अलर्ट मूड में है। वही विभिन्न प्रखंडों के स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा भी संभावित बाढ़ के मद्देनजर सतर्कता बरतीजा रही है।

इस क्रम में आज जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर प्रणव कुमार मीनापुर के जामिन मठिया वार्ड नंबर 8 में डुमरिया गांव में बूढ़ी गंडक के तटबंध तथा स्पर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता आपदा डॉ अजय कुमार, सहायक समाहर्ता श्रेष्ठ अनुपम, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी कुंदन कुमार। जिला जनसंपर्क अधिकारी कमल सिंह, कंसलटेंट /डीएम प्रोफेशनल आपदा प्रबंधन मुजफ्फरपुर मोहम्मद साकिब के साथ तकनीकी विभागों के अभियंता और स्थानीय जनप्रतिनिधि/ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़ा भारती पंचायत के बिशनपुर पांडे टोला में बूढ़ी गंडक के तटबंध के क्षतिग्रस्त भाग का निरीक्षण के साथ रघई घाट पुल तथा रघई टोला एवं कांटी अंचल के मिठन सराय का भी निरीक्षण जिलाधिकारी के द्वारा किया गया।

उन्होंने तकनीकी विभागों के अभियंताओं को निर्देशित किया कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आवश्यकतानुसार माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।

अंचल मीनापुर में समीक्षात्मक बैठक जिलाधिकारी के द्वारा की गई। उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी से संभावित बाढ़ के मद्देनजर अभी तक की गई तैयारियों की जानकारी जिलाधिकारी के द्वारा ली गई। नाव और पॉलिथीन सीट की उपलब्धता, ऊंचे शरण स्थल, दवाओं की उपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं पर बारी-बारी से जानकारी हासिल की गई। अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, सीडीपीओ ,प्रखंड शिक्षा पदाधिकारीक्स और प्रखंड स्तर के तकनीकी अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ से संबंधित तैयारियों की तत्काल समीक्षा करें। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करना सुनिश्चित करें। अंचल अधिकारी द्वारा बताया गया कि संभावित बाढ़ के मद्देनजर अंचल स्तर पर तैयारी पूर्ण है। इस संबंध में कर्मियों का प्रशिक्षण भी कराया गया है। अंचल स्तर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठक की जा रही है एवं आवश्यक निर्देश दिये जा रहे हैं। वही प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.