5 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अपना रजत जयंती दिवस मनाएगा। युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहैब ने भास्कर को बताया कि राज्य के सभी गांवों, प्रखंडों में टीवी स्क्रीन लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का संवाद युवाओं तक पहुंचाने की तैयारी है। प्रखंड कार्यालयों को भी सजाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 5 जुलाई को युवाओं के एजेंडे पर फिर से गंभीर बात होगी। युवा बेरोजगारी के साथ-साथ महंगाई से भी त्रस्त हैं। लोग स्कूल फीस, बढ़ते बिजली बिल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं। कोरोना में ऐसी स्थिति लोगों पर वज्रपात की तरह है। इसलिए 5 जुलाई के बाद युवाओं का ऐतिहासिक आंदोलन किया जाएगा। यह दिन बिहार की राजनीति की दिशा तय करेगा।
कार्यकर्ता चाहते हैं लालू पटना आएं
RJD के स्थापना दिवस की तैयारियों में प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह व्यस्त हैं। इससे जुड़े पोस्टर पटना के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाए गए हैं। पोस्टर में लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती के फोटो तो हैं ही, जगदानंद सिंह के बगल में अनंत सिंह की भी तस्वीर है।
लालू प्रसाद रजत जयंती समारोह में शामिल होने के लिए पटना आएंगे कि नहीं, यह अभी तक साफ नहीं है। ज्यादा उम्मीद इस बात की है कि लालू प्रसाद दिल्ली से आयोजन को वर्चुअली संबोधित करेंगे।

पोस्टर में सरकार का युवा विरोधी चेहरा दिखाया
जैसे-जैसे 5 जुलाई का समय नजदीक आ रहा है पार्टी के नेता-कार्यकर्ता पोस्टर पर खुद का चेहरा चमकाने लगे हैं। इसके लिए कार्टून वाले पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं। पार्टी ऑफिस के सामने एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें चुनाव के पहले और चुनाव के बाद के नीतीश कुमार के बयान को प्रमुखता से दिखाया गया है।
चुनाव से पहले नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव से कहते देखे जा रहे हैं कि- ‘ वो 10 लाख नौकरियां देंगे तो मैं 19 लाख नौकरियां दूंगा।’ चुनाव के बाद नीतीश कुमार को कहते दिखाया गया है- ‘ नौकरी मांगने वालों को लाठी मारो सा… को…।’ पोस्टर में पुलिसकर्मियों को STET अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज करते दिखाया गया है।