रोहतास में BDO की घोड़े पर हुई विदाई: लॉकडाउन में लोगों की राशन-पानी से लेकर बेटियों की शादी में की थी मदद

रोहतास जिले के डेहरी स्थित सिंचाई विभाग के अतिथि गृह में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह डेहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह के लिए था। इसके लिए खास इंतजाम किए गए थे। लोगों द्वारा उन्हें फूल-अंगवस्त्र देकर घोड़े पर सवार कर विदा किया गया।

अभी तक रोहतास जिले के किसी भी प्रखंड के BDO की विदाई इतने धूमधाम और भव्य तरीके से नहीं की गई थी। डेहरी के BDO अरुण कुमार सिंह को इस तरह की विदाई देने के पीछे की वजह 3 साल के कार्यकाल में किए गए उनके कामों को बताया गया है।

लॉकडाउन में उन्होंने स्वयं घूम-घूम कर लोगों की राशन सहित आर्थिक मदद की। कई गरीब परिवार की बेटियों की शादियों में भी उनके द्वारा आर्थिक मदद की गई है। इंदिरा आवास, राशन कार्ड, पेंशन सहित सरकार की योजनाओं को अपने स्तर से मॉनिटरिंग कर वास्तविक जरूरतमंदों तक लाभ भी पहुंचाया।

किसने-क्या कहा

अपने फेयरवेल पार्टी में अरुण कुमार में कहा कि डेहरी उनके सेवा काल का स्वर्णिम समय रहा है। 3 साल कैसे पूरे हो गए, यह पता नहीं चला। यहां के लोगों ने जो सहयोग दिया है, उसके लिए वह हमेशा ऋणी रहेंगे।

इस मौके पर SDO सुनील कुमार ने कहा कि अरुण ने अपने वरीय पदाधिकारियों के हर दिशा-निर्देश का पालन करते हुए जनता के काम किए हैं। डेहरी SDPO संजय कुमार ने कहा कि विधि व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में भी अरूण ने उसे नियंत्रित करने का काम किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.