मोदी कैबिनेट का विस्तार बुधवार को कर दिया गया. हालांकि इस विस्तार से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी हो गई. विस्तार के बाद पटना लौटे बीजेपी सांसद अजय निषाद ने कहा कि बेहतर काम नहीं करने पर कई मंत्रियों से इस्तीफा लिया गया है. मुजफ्फरपुर से बीजेपी सांसद अजय निषाद ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में किन्हें रखना है और किसे नहीं यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है. उन्होंने कहा कि 2 सालों से जो भी मंत्री हैं उनके कार्यकाल की पीएम मोदी ने समीक्षा की है. कुछ मंत्री बदले भी गये हैं. जिनका कार्य बढ़िया नहीं था उन्हें चेंज किया गया है.
उन्होंने कहा कि रविशंकर प्रसाद को क्यों हटाया गया ,कोई कारण रहा होगा यह हम नहीं बता सकते है। बीजेपी सांसद ने कहा कि हो सकता है कि रविशंकर प्रसाद को मंत्री पद से हटाकर कोई दूसरी जिम्मेदारी देना चाहते हों. बीजेपी सांसद अजय निषाद ने कहा कि इस मंत्रिमंडल में सभी लोग पढ़े लिखे हैं. इंजीनियर, डॉक्टर, IAS और वकील शामिल हैं. आने वाले समय में ये बेहतर काम करेंगे. बीजेपी का काम करने का सिस्टम है, जिसका जहां जरूरत पड़ेगा, वहां पर भेजा जाएगा.

इस विस्तार से पहले कई मंत्रियों की छुट्टी हो गई. रविशंकर प्रसाद, डॉ. हर्षवर्धन, बाबुल सुप्रियो, रमेश पोखरियाल निशंक, सदानंद गौड़ा, संतोष गंगवार, और प्रताप सारंगी समेत कई मंत्रियों ने विस्तार से पहले इस्तीफा दे दिया. शपथ ग्रहण से चंद मिनट पहले प्रकाश जावडेकर और कानून रविशंकर प्रसाद ने भी इस्तीफा दे दिया. रविशंकर प्रसाद बिहार के पटना साहिब से लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद मोदी सरकार में कानून व न्याय मंत्री, संपर्क व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री थे. लेकिन अब उन्हें इस्तीफा देना पड़ा है. वह हाल में ट्वीटर के साथ विवाद की वजह से चर्चा में रहे.