दानापुर स्टेशन से बिहटा चौराहे तक एलिवेटेड सड़क बनेगी। इसके लिए एनएचएआई द्वारा जल्द डीपीआर बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा। पहले शिवाला से बिहटा तक एलिवेटेड सड़क बनाने की योजना थी। लेकिन, राज्य सरकार से वार्ता के बाद एनएचएआई ने दानापुर स्टेशन से बिहटा चौराहे तक की योजना तैयार की है। इस सड़क के बन जाने पर पटना से बिहटा की दूरी 20-25 मिनट में तय हाेगी।
इसके लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य राज्य सरकार को करना है। सड़क निर्माण एनएचएआई द्वारा किया जाएगा। दानापुर-बिहटा के बीच वर्तमान फोरलेन हाईवे पर तीन जगह तीखा मोड़ हैं। दोनों ओर घनी आबादी है। इन गांवाें के बाहर से एलिवेटेड को निकाला जाएगा, ताकि तेज गति से वाहनों का परिचालन हो सके।
दानापुर स्टेशन पर आने के बाद सीधी कनेक्टविटी
दानापुर स्टेशन से एलिवेटेड शुरू हाेगा। यहां पर बेली रोड स्थित सगुना मोड़ से जाने वाली 8 लेन सड़क से कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं, अशोक राजपथ स्थित दीघा से नहर किनारे होकर दानापुर स्टेशन पर आने वाली सड़क से जुड़ेगी। इसके साथ ही उत्तर बिहार के लोग एम्स एलिवेटेड से आकर दानापुर स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से बिहटा एयरपोर्ट जाने के लिए जाम का सामना नहीं करना होगा।

जल्द तैयार हाेगी डीपीआर: सिक्स लेन का होगा हाईवे
बिहटा गोलंबर पर बनेगा जंक्शन
बिहटा चौराहे पर बड़ा जंक्शन बनेगा। इस जंक्शन पर पूरब से एलिवेटेड रोड से आने वाली, पश्चिम से आरा की ओर से आने वाली, उत्तर से मनेर की ओर से आने वाली और दक्षिण से बिक्रम की ओर से आने वाली गाड़ियां एक साथ पहुंचेंगी। एलिवेटेड रोड के निर्माण से पांच जिलों के सीधा फायदा मिलेगा। इसमें भोजपुर, बक्सर, रोहतास, सासाराम, अरवल, औरंगाबाद आदि जिला शामिल हैं। इन जिलों में जाने वाले लोग एलिवेटेड सड़क से जल्द बिहटा तक पहुंचेंगे। वहीं, बिहटा से भोजपुर, बक्सर इलाके में जाने के लिए नए काेईलवर पुल की डबल लेन तैयार हो रही है। इसके साथ ही हाईवे को सिक्स लेन किया जाना है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
जमीन अधिग्रहण के लिए पैसा स्वीकृत
राज्य सरकार ने एक माह पहले जमीन अधिग्रहण के लिए कैबिनेट से 456.05 करोड़ की मंजूरी की है। लेकिन, कोरोना संक्रमण के कारण प्रशासन की ओर से रफ्तार धीमा होने के जमीन का अवाॅर्ड नहीं हुआ है। जमीन का अवाॅर्ड होने के बाद प्रशासन को राशि मिलेगी। इसके बाद जिला भू-अर्जन कार्यालय से किसानों को नोटिस दिया जाएगा। किसान अपने हिस्से की जमीन का मुआवजा लेने के लिए दस्तावेज जमा करेंगे।
इसके साथ ही किसानों को जमीन की रसीद, जमीन का एलपीसी, जमीन प्राप्त होने के साक्ष्य के रूप में खतियान या केवाला देना है। इसके अलावा पासबुक की फोटोकॉपी, आधार कार्ड आदि जमा करना है। बैंक अकाउंट के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी।
पटना एम्स से बेतिया तक एनएच-139 डब्ल्यू
पटना एम्स से सोनपुर, मानिकपुर, साहेबगंज, अरेराज को जोड़ते हुए बेतिया तक केंद्र ने नया राष्ट्रीय राजमार्ग बना दिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस एलाइनमेंट को एनएच-139 डब्ल्यू के रूप में अधिसूचित कर दिया है। गंडक नदी के पूर्वी किनारे में 2050 करोड़ रुपए की लागत से 115 किलोमीटर 4 लेन एनएच (पटना से अरेराज) के निर्माण पर पहले ही सहमति बन चुकी है। यह एनएच बुद्ध सर्किट का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। इस एलाइनमेंट पर गंगा नदी में जेपी सेतु के समानांतर नया फोरलेन पुल भी बनेगा।
इस एनएच के बन जाने से पटना, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण जिले की बड़ी आबादी को सीधा फायदा होगा। पटना से दीघा सेतु तक 6 लेन रोड चालू है। वहीं दीघा सेतु से सोनपुर(बाकरपुर) तक पहले से ही 60 मीटर चौड़ी जमीन का अधिग्रहण हो चुका है। सोनपुर (बाकरपुर) से मानिकपुर, मानिकपुर से साहेबगंज और साहेबगंज से अरेराज तक 4लेन सड़क के लिये जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरु की जा चुकी है। अरेराज से बेतिया तक भू-अर्जन की कार्रवाई अब आरंभ की जाएगी।
पटना से बेतिया 2.5 घंटे में जा पाएंगे
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि फोर लेन हाइवे बन जाने पर पटना से बेतिया की करीब 180 किलोमीटर की दूरी केवल 2.5 घंटे में संभव हो जाएगी। पटना से बेतिया के रास्ते वाल्मीकिनगर पहुंचना आसान होगा, जिसे सरकार ईको टूरिज्म के रूप में विकसित कर रही है। उत्तर बिहार के प्रमुख पर्यटक स्थल वैशाली, लौरिया एवं केसरिया को भी आपस के संपर्कता प्रदान होगी, जिससे पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। सोनपुर बाईपास से माणिकपुर तक लगभग 40 किलोमीटर का ग्रीन फील्ड पथ विकसित होगा।
इसमें कई जगहों पर बाइपास का प्रावधान रहेगा, जिससे यातायात सुगम होगा। अधिकांश पथांशो के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्रगति में है। संबंधित जिला भू अर्जन पदाधिकारियों को शीघ्र पंचाट घोषित कर राशि वितरित करने का निर्देश दिया गया है। एनएचएआई को माणिकपुर-सोहबगंज एवं साहेबगंज-अरेराज पथांश का टेंडर 2 माह के अन्दर करने को कहा गया है।
दीघा सेतु के समानांतर फोरलेन पुल का डीपीआर बनवा रहा पुल निगम : मीणा
पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बताया कि इसी एलाइनमेंट में दीघा (जेपी) सेतु के समानान्तर नए 4 लेन पुल के निर्माण के लिये बिहार राज्य पुल निर्माण निगम डीपीआर बनवा रहा है। सीएम के निर्देश पर पूर्व से ही ये काम प्रारंभ है। अब इस डीपीआर को शीघ्र केंद्र सरकार को भेज कर स्वीकृति प्राप्त करते हुए कार्यारंभ कराने की दिशा में कदम उठाया जायेगा।