जन सुराज ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए तीन और समर्थित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. विमोहन कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भूषण झा को प्रत्याशी बनाया गया है।

जन सुराज के अनुसार, पांच अन्य क्षेत्रों के लिए समर्थित प्रत्याशियों की सूची 20 सितंबर को ही जारी की जा चुकी है। पार्टी की ओर से शेष क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।


प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने शिक्षकों को लेकर भी कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की लड़ाई पिछले कई वर्षों से व्यवस्था के साथ चल रही है। चाहे टीआरई परीक्षा का मामला हो, वेतनमान का मुद्दा हो, गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों को लगाने का मामला हो या वित्त रहित और वित्त पोषित संस्थानों की अव्यवस्था, इन मुद्दों को लेकर लंबे समय से मांग उठती रही है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय को जन सुराज से अपेक्षा है कि उनकी जायज मांगों और आंदोलनों में पार्टी उनके साथ खड़ी हो। उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय कई संघों में बंटा हुआ है। कोई नियोजित शिक्षक है, कोई विद्यालय शिक्षक, कोई विशिष्ट शिक्षक तो कोई वित्त रहित शिक्षक है। सभी ने अपने-अपने संगठन बना रखे हैं।

