जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी-चिराग को लेकर कही बड़ी बात, उनके सरकार बनाने के दावे पर किया व्यंग्य

मुजफ्फरपुर। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि तेजस्वी यादव व चिराग पासवान पहले परिवार और पार्टी बचाएं, फिर सरकार बनाएंगे। शनिवार से वाल्मीकिनगर से संपर्क यात्रा शुरू करने जाने के क्रम में शुक्रवार को कुशवाहा का मुजफ्फरपुर में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मौके पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विश्वास जताया है। सरकार पांच साल चलेगी। इसमें कहीं कोई इफ-बट नहीं है। जो लोग भी बिहार में सरकार बनाने की सोच रहे हैं, वे ख्याली पुलाव पका रहे हैं। दिन में सपना देख रहे हैं। बिहार में मुख्यमंत्री के काम को जन जन तक पहुंचाने के लिए वह संपर्क यात्रा पर हैं

सीएम के काम को जनता तक ले जाएं कार्यकर्ता

उन्होंने कहा कि सरकार के कामों को हम कार्यकर्ता सही तरीके से लोगों के बीच नहीं रख पाए हैं। अब जरूरत है उन कामों को जन-जन तक पहुंचाने की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काम ही नंबर वन सरकार की पहचान है। वह अपने संपर्क यात्रा के दौरान पार्टी के पुराने व युवा सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात संपर्क करेंगे। पूरे बिहार के सभी जिलों में उनका रात्रि प्रवास होगा। कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर बाढ़ एवं कोरोना को लेकर चल रहे बचाव और राहत कार्य की जानकारी लेंगे। जहां जरूरत होगी वहां पर अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे। उनका स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार, जदयू नेता सौरभ कुमार साहब, सरैया के प्रखंड अध्यक्ष प्रदुमन कुशवाहा, रामलला ठाकुर, अशोक झा, अजय चौधरी आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading