राज्य में तीन दिन के बाद शुक्रवार को फिर कोरोना के नए मरीजों की संख्या 100 के नीचे आ गई है। शुक्रवार को 95 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 6 जिलों में एक भी नया केस नहीं मिला है। पटना में सबसे अधिक 15 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। बेगूसराय, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल में एक भी नया कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला है।
वहीं पश्चिम चंपारण, वैशाली रोहतास, मुजफ्फरपुर, कैमूर, जमुई, गोपालगंज, गया, पूर्वी चंपारण, बक्सर और बांका में 1-1 मरीज मिला है। पटना को छोड़कर किसी भी जिले में 10 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला है। पूर्णिया राज्य में दूसरे नंबर पर है जहां 9 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 6 जुलाई को राज्य में 143, 7 जुलाई को 104 तथा 8 जुलाई को 115 ने कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे।

128 दिन बाद मौत का आंकड़ा शून्य
राज्य में 128 दिन के बाद कोरोना से मौतों का आंकड़ा शून्य पर पहुंचा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना से एक भी मौतें नहीं हुई हैं। गुरुवार को भी कुल माैत 9614 थी, जबकि शुक्रवार को भी 9614 ही है। इससे पहले 2 मार्च 2021 को मौतों का आंकड़ा शून्य रहा था। पिछले 24 घंटे में राज्य में 217 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। रिकवरी दर अब 98.53 प्रतिशत हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 1018 रह गई है। हालांकि एनएमसीएच से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां दो कोरोना मरीजों की मौत हाे गई। पीएमसीएच में भी एक मरीज की मौत हाे गई।