पटना नगर निगम बारिश के दौरान जल निकासी को लेकर भले लाख दावे कर ले लेकिन स्थिति जस की तस दिख रही है। राजधानी के कई इलाकों में पानी जमा होने से लोगों का जीवन नारकीय हो गया है।
वहीं, नगर निगम की डिप्टी मेयर के पटनासिटी के वार्ड न.72 में कई हफ्तों से जलजमाव होने से इलाका झील में तब्दील हो गया है। कई दिनों से जलजमाव होने से वहां के लोग नारकीय स्थिति में जीने को मजबूर है।
पटनासिटी के दीदारगंज स्थित वार्ड नं.72 का पूरा इलाका गंदे पानी का तालाब बन गया है। जहां देसी जुगाड़ से बने नाव पर बैठ कर लोग अपना काम करने को मजबूर है।

इस जलजमाव के बीच रहनेवाले लोग डायरिया, मलेरिया, डेंगू समेत कई बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। हैरानी की बात ये है कि इसी इलाके में नगर निगम की डिप्टी मेयर मीरा देवी के घर होने के बावजूद निगम का रवैया उदासीन है।