दक्षिण-पूर्व की तरफ से नमीयुक्त हवा अाने से बिहार में दो तरह का मानसून सक्रिय हो गया है। उत्तर बिहार में हवा की तीव्रता अधिक होने से तेज बारिश और दक्षिण बिहार में तीव्रता कम होने से हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आने वाली निम्न हवा का दबाव बिहार के उत्तरी हिस्से होते हुए हिमालय के तराई क्षेत्रों तक पहुंच रही है।

इसके साथ ही साइक्लोन सर्किल का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्से पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से बिहार के उत्तरी हिस्से में 9 से 45 एमएम तक बारिश के आसार हैं। साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाले नमी दोलन करके बिहार के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में स्थित कटिहार, भागलपुर, बंका, मुंगेर, खगड़िया, जमुई की तरफ जा रहा है।
इससे इन क्षेत्रों में सामान्य बारिश होने की संभावना है। पटना, गया, नालंदा, नवादा सहित 14 जिलों में संवहनीय बादलों की वजह से कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर तेज धूप निकलने की संभावना है। पटना में साेमवार को अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया