शहर के 49 वार्डों में शत-प्रतिशत कोरोना टीका देने को महाभियान आज से शुरू होगा। इसके लिए 77 जगह टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। जहां 3-3 सौ लोगों को टीका देने का लक्ष्य है। इस बीच मुख्यालय से शुक्रवार को 25000 कोविशील्ड के डाेज उपलब्ध कराए गए, जो शनिवार को ही खत्म होने की संभावना है। यदि शनिवार को अतिरिक्त डोज नहीं मिले तो महाभियान दूसरे दिन ही बंद हो जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. विनय शर्मा ने बताया, मुख्यालय से 25000 कोविशील्ड के डोज मिले हैं। अगले दिन यदि वैक्सीन मिली तो अभियान जारी रहेगा। अन्यथा सिर्फ सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच में ही वैक्सीनेशन होगा।

अभियान पर डीएम की रहेगी सीधी नजर
सीएस ने बताया कि वन वीक नगर निगम कंप्लीट अभियान के तहत शहर में 77 टीमें काम करेंगी। हर केंद्र पर तीन-तीन सौ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है। इसके लिए 23100 डोज सिर्फ शहरी क्षेत्र को दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सदर अस्पताल को दो दिनों के लिए 1200, एसकेएमसीएच को 600 व कटरा में टीका वाली नाव के लिए 100 डोज हैं। 31 जुलाई तक शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य है। कुल 75000 लोगों को टीका देना है। उधर, अभियान पर डीएम प्रणव कुमार की सीधी नजर है। उन्होंने टीकाकरण की मॉनिटरिंग के लिए शहरी क्षेत्र को 4 हिस्सों में बांट हर हिस्से में एक वरीय उप समाहर्ता स्तर के अधिकारी को लगाया है।