तेजस्वी बोले- दो भाइयों को लड़वा रही BJP-RSS, कहा- छोटी-छोटी बातें छोड़कर हमें एकजुट रहना है

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राजद के मिलन समारोह में कहा कि भाजपा-RSS दो भाइयों को लड़ाने का काम कर रही है। दो भाइयों को लड़ाकर सत्ता हासिल करना ही उनका लक्ष्य है। सभी को छोटे-छोटे मतभेदों को भुलाना होगा। सभी एकजुट रहें। पार्टी को मजबूत बनाना ही सबका उद्देश्य है। BJP अब पार्टी नहीं, मशीन हो गई है। किसी भी तरह से सत्ता हासिल करना उसका उद्देश्य हो गया है। बिहार में किस तरह सरकार बनाई गई, सब जानते हैं। कई सीटों को चुनाव आयोग द्वारा हरवाया गया। सत्ता में आई पार्टी को तोड़कर खुद शामिल होना ही भाजपा का उद्देश्य है।

सभी लोग मिलकर पार्टी को मजबूत करें

तेजस्वी ने कहा कि पार्टी में हमलोग एक परिवार के लोग हैं। सभी मिलकर लालू प्रसाद की विचारधारा को मजबूत करें। बिहार में सरकार न सुनवाई करती है और न कार्रवाई। आज शिक्षकों की परेशानी सुनने वाला कोई नहीं, खाद के लिए किसान परेशान हैं। बिहार में 15 लाख लोगों ने रोजगार खोया है। तेजस्वी ने पार्टी में एकता बनाए रखने की अपील की।

उपचुनाव का समय आया तो नीतीश को कुशेश्वर स्थान याद आ रहा

तेजस्वी ने बिहार विधानसभा के दो स्थानों तारापुर और कुशेश्वर स्थान में होने वाले उपचुनाव की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि तारापुर और कुशेश्वर स्थान में उपचुनाव होने वाला है। दोनों जगह पर RJD बड़े वोट से जीतेगी। जितनी तिकड़म सरकार लगा ले RJD की ही जीत होगी। अब जब उपचुनाव होने वाले हैं तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुशेश्वर स्थान जा रहे हैं। चुनाव सामने आया है तो नीतीश कुमार को कुशेश्वर स्थान याद आया।

जातीय जनगणना से पता चलेगा किसका आरक्षण कितना बढ़ाना है?

तेजस्वी ने कहा जातीय जनगणना पर कहा कि यह देश हित में है। इससे सही आंकड़ा पता चलेगा। किस समाज के लोगों को आरक्षण मिलना चाहिए और किसका आरक्षण बढ़ाना चाहिए। इसके वंचितों के लिए योजना बनेगी। नौकरी में शिक्षा में लोगों को लाभ होगा। इस लड़ाई को मजबूती से लड़ना है। महंगाई बढ़ती जा रही है और लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है। भाजपा की सरकार किसान विरोधी, गरीब विरोधी और युवा विरोधी है।

राजद परिसर खचाखच भर गया।

राजद परिसर खचाखच भर गया।

टूटा जगदानंद सिंह का समय का अनुशासन

खगड़िया के मनोहर कुमार यादव और सीता कुमारी को राजद में शामिल होना था और इसके लिए गाड़ियों का काफिला राजद ऑफिस से लेकर भाजपा ऑफिस तक पहुंच गया। राजद परिसर खचाखच भर गया, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के समय का अनुशासन टूट गया। दोपहर एक बजे शुरू होने वाला मिलन समारोह तीन बजे शुरू हुआ। जबकि, पार्टी में शामिल होने वाले दोनों नेता समय से मंच पर आकर बैठे गए, बाकी सब भी आ चुके थे। सिर्फ तेजस्वी यादव का इंतजार होता रहा। वे मंच पर पहुंचे तो प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह भी इस बार सोफे से उठकर खड़े हो गए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष भी उठ खड़े हुए। मनोहर कुमार यादव, सीता कुमारी सहित अन्य कई नेताओं को राजद की सदस्यता दिलाने के बाद गुलाब के फूलों की माला तेजस्वी यादव को पहनाई गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading