मुजफ्फरपुर। छात्राओं की शिक्षा के लिए संचालित जिले के कस्तूरबा विद्यालयों में अब डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना होगी। इसके लिए विभाग की तरफ से तैयारी शुरू कर दी गई है।

इन विद्यालयों में अभी किताबों के सहारे ही छात्राओं की पढ़ाई होती है। आकांक्षी जिला में मुजफ्फरपुर का चयन होने के बाद नीति आयोग ने सभी स्कूलों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने का निर्देश दिया था। इस संबंध में जिला योजना विभाग की ओर से जानकारी दी गई है।

कस्तूरबा विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी तैयार होने के बाद छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी। वे कम्प्यूटर पर आसानी से कोर्स सहित अन्य जरूरी किताबें पढ़ सकेंगी। बिहार शिक्षा परियोजना की डिस्ट्रिक्ट जेंडर कोऑडिनेटर डॉ. कुमारी मेनका ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नीति आयोग की ओर से निर्देश मिल चुका है।

कस्तूरबा विद्यालय में लगेगा सोलर पैनल
सभी विद्यालयों में सीएसआर के तहत सोलर पैनल स्थापित किया जा रहा है। मुशहरी प्रखंड के विद्यालय में सिस्टम इंस्टॉल करा दिया गया है। छात्राओं को बिजली के साथ अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी। सौजन्य: प्रभात खबर

