मुजफ्फरपुर । शिक्षा विभाग की ओर से सभी संबद्ध कॉलेजों के प्रबंधन को सितंबर तक वेबसाइट तैयार करने को कहा गया है। संबद्ध कॉलेजों को अब शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान की रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी।

वेबसाइट पर कॉलेज के इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही हर महीने शिक्षक व कर्मचारियों को वेतन के रूप में दी जाने वाली राशि भी अपलोड करनी है। विभाग ने कहा है कि जो कॉलेज वेबसाइट तैयार नहीं करेंगे या अपडेट नहीं रखेंगे, उनके अनुदान पर किसी तरह का विचार नहीं किया जाएगा
।
बताया जा रहा है कि विभाग की ओर से कॉलेज को ऑनलाइन अनुदान भुगतान की तैयारी की जा रही है। विभाग ने कहा कि संबद्ध कॉलेजों के वेबसाइट की निगरानी संबंधित विश्वविद्यालय के जिम्मे होगी। वीसी प्रो.हनुमान प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि सभी कॉलेजों को अपनी वेबसाइट तैयार करने के लिए पहले से ही कहा गया है।

अंगीभूत के साथ ही संबद्ध कॉलेजों को भी अपनी वेबसाइट बना लेनी है। इस संबंध में यूजीसी का भी निर्देश है, ताकि बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाया जा सके। बताया जा रहा है कि राज्य के 11 विश्वविद्यालयों से 217 कॉलेज संबद्ध है। इन कॉलेजों को सरकार अनुदान देती है। सौजन्य: प्रभात खबर

