मुजफ्फरपुर : सरकारी अस्पतालों में मरीजों का रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन

मुजफ्फरपुर : सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों के रिकॉर्ड अब ऑनलाइन होगा। राज्य सरकार ने इसके लिए भामिनी एप लांच किया है।

इस एप के जरिये मरीजों का इलाज भी होगा। राज्य सरकार पायलट प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले मुजफ्फरपुर में इस योजना को शुरू करने जा रही है। इसके तहत पहले डाटा ऑपरेटर व एएनएम की ट्रेनिंग दी जाएगी।

 

इस एप से मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल, सकरा व कुढ़नी पीएचसी के ओपीडी में इलाज शुरू होगा। यहां योजना सफल रही तो पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। जिला स्वास्थ्य प्रबंधक बीपी वर्मा ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में इस एप के शुरू हो जाने से मरीजों को पर्ची लेकर घुमने की जरूरत नहीं होगी।

इस एप में मरीजों का नाम पता और बीमारी के बारे में जानकारी दर्ज रहेगी। मरीजों को एक यूनिक आईडी मिलेगा, जिससे अस्पताल में उनकी पहचान होगी। आईडी से ही मरीजों का सारा रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। एप शुरू हो जाने के बाद ओपीडी में एक कंप्यूटर रहेगा।

बताया जाता है कि रजिस्ट्रेशन और इलाज के साथ मरीजों को दवा व जांच भी इस यूनिक आईडी से ही होगी। ओपीडी में डॉक्टर मरीज को जो दवा या जांच लिखेंगे, इसका भी रिकॉर्ड एप पर दर्ज हो जाएगा।

मरीजों को जो दवा लिखी जाएगी, वह दवा काउंटर पर पहुंच जाएगी। वहां एक क्लिक के बाद मरीजों को दवा मिल जाएगी। इसी तरह पैथेलॉजी में भी मरीज को अपना ब्योरा नहीं देना होगा।

पैथेलॉजी में भी जांच की जानकारी ओपीडी से ही पहुंच जाएगा और मरीज के पहुंचने के बाद यूनिक आईडी से जांच कर दी जाएगी। अभी डाटा मैन्युअल रजिस्टर में नोट किया जाता है।  इस एप के शुरू हो जाने के बाद मरीज का रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद उसे एक यूनिक आईडी नंबर की स्लिप दी जाएगी।

काउंटर पर रजिस्ट्रेशन होते ही उसकी पूरी जानकारी संबंधित ओपीडी में चली जाएगी। मरीज के ओपीडी में जाने के बाद ऑपरेटर उस आईडी से मरीज की जानकारी एप से निकालकर डॉक्टर को देगा। सौजन्य : हिन्दुस्तान

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.