मुजफ्फरपुर। जिले के प्राइमरी विद्यालयों में शिक्षक के पद पर चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों का सत्यापन के लिए डॉक्यूमेंट पर स्पेशल कोड दर्ज कर कंप्यूटर पर अपलोड करने का काम जारी है।
अब तक लगभग सोलह सौ अभ्यर्थियों का डाटा अपलोड हो चुका है। जबकि 407 का अभी अपलोड करना बाकी है। बताया जाता है कि जिले में कुल 2007 अभ्यर्थियों का चयन अभी हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि एक हफ्ते में कोडिंग के साथ ही अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
इसके बाद सभी का सर्टिफिकेट बोर्ड व विश्वविद्यालय के आधार पर छांट कर अलग-अलग किया जाएगा। इसी गति से काम चलता रहा, तो नवंबर के पहले हफ्ते से सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मुख्यालय के निर्देश पर सभी सर्टिफिकेट का सत्यापन जिला स्तर से ही संबंधित बोर्ड व विश्वविद्यालय के लिए विशेष दूर भेज कर कराना है।
जिला नियोजन कोषांग प्रभारी हरि किशोर हरि ने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों के फोल्डर का कोड दर्ज कर कंप्यूटर में अपलोड किया जा रहा है।
कंप्यूटर में फीड कर उनके सर्टिफिकेट बोर्ड और विश्वविद्यालय के अनुसार छांटकर अलग करना है। बताया कि कोड दर्ज करने के बाद फोल्डर से सर्टिफिकेट गायब होने की आशंका नहीं होगी। सौजन्य : प्रभात खबर
