मुजफ्फरपुर : आम्रपाली ऑडिटोरियम का होगा कायाकल्प

मुजफ्फरपुर। स्मार्ट सिटी के तहत जुब्बा सहनी पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ आम्रपाली ऑडिटोरियम का भी कायाकल्प होगा। जर्जर भवन को तोड़ नए आम्रपाली ऑडिटोरियम का निर्माण होगा।

इसके सभागार में छह सौ लोगों को बैठने की व्यवस्था होगी। सभागार पूरी तरह से वातानुकूलित व अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस रहेगा। एक फ्लोर पर अलग से कॉन्फ्रेंस हॉल व गेस्ट रूम का भी निर्माण होगा।

ग्राउंड फ्लोर के पूरे हिस्सा को बतौर पार्किंग विकसित किया जाएगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट से इसके लिए 28 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।

बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग से मंजूरी मिलने के बाद मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से टेंडर निकाला जाएगा। आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि पीडीएमसी ने जो डीपीआर तैयार किया है,तकनीकी रूप से उसकी जांच-पड़ताल के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जुब्बा सहनी पार्क के सौंदर्यीकरण पर 3.27 करोड़ खर्च होंगे। स्मार्ट सिटी से टेंडर निकाल कंस्ट्रक्शन एजेंसी का भी चयन किया जा चुका है।

नगर आयुक्त ने बताया कि जिस एजेंसी का चयन किया गया है, उसको सिक्योरिटी मनी जमा करने को कहा गया है। जैसे ही सिक्योरिटी राशि जमा होगी, वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।

इसके साथ कंपनी बाग का इंदिरा, सिटी पार्क के सौंदर्यीकरण व डीएम आवास के सामने नए पार्क का निर्माण होगा। इन चारों पार्क पर स्मार्ट सिटी योजना से 5.62 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.