मोतिहारी. राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) अध्यक्ष और केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने अब भाजपा पर निशाना साधा है। पहली बार भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनाव नजदीक आ गया तब भाजपा के लोग राम मंदिर की बात कह रहे हैं। मंदिर बनाना किसी राजनीतिक पार्टी का काम नहीं है।
कुशवाह ने कहा कि राममंदिर को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। चुनाव के वक्त मंदिर की बात करने का मतलब साफ है कि जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। गुरुवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने मोतिहारी पहुंचे कुशवाह ने मीडिया के साथ बातचीत में यह बात कही है।
इसलिए उछाल रहे मंदिर मुद्दा
कुशवाह ने कहा कि भाजपा के लोग मंदिर का मुद्दा इसलिए उछाल रहे हैं ताकि इस मामले पर लोग गोलबंद हो जाए और इसी मुद्दे पर उन्हें वोट मिल जाए। कुशवाह पिछले कुछ महीनों से राज्य में आगामी लोकसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे को लेकर नाराज चल रहे हैं।
नीतीश सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त
इससे पहले बुधवार को बगहा में कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश सरकार हर मोर्चे पर फेल है। इसे उखाड़ फेंकने में ही भलाई है। नीतीश सरकार के रहते बिहार का भला नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा था कि मैं एनडीए में हूं मगर राज्य सरकार की नीति एवं नीयत के साथ नहीं हूं। यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है।