मुजफ्फरपुर : बुजुर्गो का पेंशन उठा रहे 23 हजार से अधिक लोगों के भुगतान पर रोक

मुजफ्फरपुर। समाज कल्याण विभाग ने बुजुर्गो का पेंशन उठा रहे 23 हजार से अधिक लोगों के भुगतान पर रोक लगा दी गई है।

आधार नंबर का पेंशन अकाउंट से लिंक होने के बाद 60 से कम उम्र वाले लोगों के वृद्धा पेंशन लेने का जब मामला खुला, तब समाज कल्याण विभाग ने आनन-फानन में 23725 लाभार्थी के पेंशन भुगतान पर रोक लगा दी है।

इसमें नगर निगम क्षेत्र के 780 लोग शामिल हैं, जिनकी जुलाई माह से पेंशन रोक दी गई है। जून तक नियमित रूप इन सभी को पेंशन का भुगतान हो चुका है।

अब राशि वसूली के साथ समाज कल्याण विभाग ने उम्र घोटाला कर पेंशन लेने वाले लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराने का आदेश दिया है।

इससे फर्जीवाड़ा करने वाले लोगों में हड़कंप मचा है। बताया जाता है कि बुजुर्गों को मिलने वाली मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना का लाभ बड़ी संख्या में जिले के जवान लोग भी ले रहे है।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ब्रजभूषण कुमार ने बताया कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को इससे अवगत कराते हुए उनके प्रखंड क्षेत्र में कम उम्र के कारण जिसका-जिसका पेंशन रुका है, सभी की उम्र सत्यापित करा रिपोर्ट देने को कहा गया है।

बीडीओ व पंचायत सचिव की जांच रिपोर्ट के बाद एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। जिले में कुल 5.13 लाख ऐसे बुजुर्ग हैं, जिन्हें प्रतिमाह वृद्धा पेंशन मिलता है। सहायक निदेशक का कहना है कि उम्र कम कर फर्जी तरीके से जिले के 23725 लोग वृद्धा पेंशन की राशि उठा रहे थे। विभागीय निर्देश के बाद भुगतान पर रोक लगा दी गई है फिलहाल इसकी जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज करने से लेकर वसूली तक की कार्रवाई होगी। इसके लिए डीएम का भी आदेश मिल चुका है। सौजन्य : प्रभात खबर

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.