बिहार : नीतीश कुमार पहुंचे अपने गांव , बख्तियारपुर। नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। बख्तियारपुर में सीवरेज ट्रिटमेंट प्लांट के निर्माणकार्य का जायजा लेते हुए सीएम ने इसे जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। एसटीपी के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय बख्तियारपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में इंजीनियरिंग संस्थानों में लड़कियों के लिए एक-तिहाई सीट आरक्षित की गई हैं। हमलोग चाहते हैं कि लड़कियां उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे आयें, खूब पढ़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यहां के बालिका छात्रावासों में बेड की संख्या और बढ़ायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा यहीं जन्म हुआ है, हमारी इच्छा थी कि यहां एक इंजीनियरिंग कॉलेज बने। अब इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया है। यहां छात्र-छात्रायें अच्छी ढंग से पढ़ाई करें, उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो, इसका ध्यान रखें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर में गंगा नदी के घाटों का निरीक्षण करते हुए सीढ़ी घाट ठाकुरबाड़ी पहुंचकर वहां के पुराने कुएं का जीर्णोद्धार करने का निर्देश दिया। इस दौरान अपने पुराने दिनों को याद करते हुए सीएम नीतीश कुमार भावुक दिखे। उन्होंने कहा कि यह कुआं मीठे जल का इकलौता कुआं था, जहां सभी लोग इसका पानी पीने के लिए अपने घर ले जाया करते थे।
वहां मौजूद लोगों से सीएम ने कहा कि अपने जन्मस्थान पर आकर अच्छा लग रहा है। पुरानी बातें याद आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने घोसवारी घाट, रवाइच घाट, सीढ़ी घाट, राम नगर दियारा का भ्रमण कर पुनरुद्धार कार्य को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।