मुजफ्फरपुर। जिले में प्रतिनियुक्त शिक्षकों मूल विद्यालयों में योगदान का आदेश दिया गया है। इसके लिए शिक्षकों को गैर शिक्षण कार्य में नहीं लगाने के लिए डीएम से आग्रह किया है।

डीईओ ने जिले के सभी बीईओ, बीडीओ सहित अन्य अधिकारियों को इसके लिए पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि बच्चों को नि:शुल्क और अनिवार्य शिक्षा के अधिकार अधिनियम की धारा 27 के आलोक में कोई भी शिक्षक जनगणना, आपदा सहाय, विधानमंडल, संसद और स्थानीय निकाय के चुनाव को छोड़कर अन्य किसी भी गैर शैक्षणिक कार्यो के लिए प्रतिनियुक्त नहीं किया जाना है।
भारत सरकार द्वारा भी यह निर्देशित किया गया है कि चुनाव संबंधित कार्य यथा प्रशिक्षण, चुनाव सामग्री की प्राप्ति मतदान एवं मतगणना से संबंधित कार्य शिक्षण के लिए निर्धारित कार्य दिवसों, सामग्री में किया जा सकता है।
मतदाता सूची के निर्माण, पुनरीक्षण का कार्य गैर शैक्षणिक कार्य दिवसों, अवकाश एवं छुट्टियों के दिन में ही किया जाए।
मतदाता सूची से संबंधित किसी भी कार्य का प्रभाव शिक्षक के शैक्षणिक गतिविधियों पर न पड़े इसका भी ख्याल रखा जाए।
इसके लिए प्राथमिक शिक्षा निदेशक की ओर से विगत 19 जनवरी 2021 को ही क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर को अवगत करा दिया गया था।
उनके आदेश के आलोक में छात्र विद्यालय हित में शिक्षक को मूल विद्यालय में ही शैक्षणिक कार्य किया जाना है।
शनिवार से सभी प्रतिनियुक्त शिक्षक, शिक्षिका स्वत: विरमित समझे जाएंगे एवं रविवार के अवकाश का उपभोग करते हुए 20 दिसंबर सुबह तक अपने मूल विद्यालय में योगदान करना सुनिश्चित करेंगे।
