मुजफ्फरपुर : गन्ना उत्पादन पर आधारित कार्यशाला का आयोजन करने पर जोर

मुजफ्फरपुर : गन्ना उद्योग मंत्री और विधि विभाग बिहार सरकार प्रमोद कुमार ने सर्किट हाउस सभाकक्ष में गन्ना उद्योग एवं विधि विभाग को लेकर समीक्षात्मक बैठक की।

इस दौरान उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को जिले में उत्कृष्ट किसानों को चिन्हित कर आने वाले दिनों में गन्ना उत्पादन पर आधारित कार्यशाला का आयोजन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जनवरी के पहले सप्ताह में हर हाल में उक्त कार्यशाला के आयोजन का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यशाला में गन्ना उत्पादन से संबंधित सरकार की नीतियों,योजनाएं, किसानों को मिलने वाले अनुदान की जानकारी देने के साथ गन्ना उत्पादन के प्रति उन्हें प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य है ताकि अधिक से अधिक इन्वेस्टर यहां आ सके जिससे की गन्ना आधारित उद्योग का विस्तार हो।

उन्होंने कहा कि इथेनॉल नीति के तहत उद्योग विभाग के प्रयास से कई निवेशक एथेनॉल के प्लांट लगाने को लेकर इच्छुक हुए हैं। इस नीति के कारण इस क्षेत्र में काफी निवेशक आएंगे।

इससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके लिए गन्ने की उत्कृष्ट खेती के लिए किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाना जरूरी है। ताकि गन्ने पर आधारित उद्योग के विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।

कृषि विभाग को निर्देशित किया गया है कि आगे आने वाले दिनों में लगातार कार्यशाला का आयोजन करना सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने सीडब्ल्यू जेसी, एमजेसी और एलपीए से संबंधित लंबित वादों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने की दिशा में कार्य में गति लाएं। मौके पर डीएम प्रणव कुमार, उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.