मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर समाहरणालय में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता डीएम प्रणव कुमार ने की। इस दौरान अलग-अलग विभागों से संबंधित चल रही कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की स्थिति को लेकर समीक्षा की गई।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में आवास की पूर्णता के बावजूद तृतीय किस्त की राशि निर्गत करने में विलंब होने पर डीएम ने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को फटकार लगाई।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिनके आवास पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें तृतीय किस्त की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। साथ ही पूर्ण आवासों का जिओ टैगिंग भी करना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में पूरी पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता हो। वहीं उन्होंने लोक शिकायत निवारण अधिनियम की समीक्षा के दौरान लोक प्राधिकारों की उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।
कहा कि लोक प्राधिकार हर हाल में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही उक्त विषय से संबंधित लंबित मामलों का निष्पादन तीव्र गति से करने पर जोर दिया।
इसके अलावा सामुदायिक शौचालय के निर्माण की गति को बढ़ाने को कहा। वहीं आपूर्ति विभाग, मनरेगा, आईसीडीएस संबंधित विभिन्न योजनाएं, अल्पसंख्यक कल्याण, कल्याण विभाग,बाल संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य विभागों की भी बारी-बारी से समीक्षा की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त आशुतोष त्रिवेदी, डीआरडीए निदेशक चंदन चौहान, जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय वरीय पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

