मुजफ्फरपुर। यातायात थाने का भवन निर्माण करने के लिए सिकंदरपुर मन के समीप सरकारी जगह को चिन्हित किया गया है। जल्द ही पुलिस विभाग की ओर से भवन बनाने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी।
यातायात थानाध्यक्ष वीके सिंह के अनुसार थाने के भवन को लेकर पहले प्रस्ताव भेजा गया था। इसी पर वरीय अधिकारी की ओर से अनुशंसा कर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया।
जिस पर हरी झंडी मिल गई है। उम्मीद है कि जल्द ही भवन बनकर तैयार हो जाएगा। दूसरी ओर शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत नहीं मिल रही है।
ऐसे में ट्रैफिक आईजी एमआर नायक 4 जनवरी को मुजफ्फरपुर पहुंच रहे हैं। इसके बाद कई क्षेत्रों में घुमकर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेंगे।
साथ ही एसएसपी, यातायात डीएसपी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ ट्रैफिक को लेकर महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। आइजी की बैठक के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में जल्द ही बदलाव देखने को मिलेगा।
साथ ही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि बैठक के बाद यातायात थाने में जवानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
बता दें कि पुलिस मुख्यालय के आदेश के बाद जिले में ट्रैफिक थाने का विस्तार हो चुका है, मगर अपना भवन नहीं होने से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए भवन बनाने की कवायद तेज कर दी गई है।


