पटना : बिहार में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर सरकार कोविड गाइडलाइन में दी गई छूट का दायरा घटाकर सख्ती बढ़ाएगी। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक चर्चा स्कूलों को बंद करने और नाइट कफ्र्यू जैसे उपायों पर है।
मॉल, सिनेमाघर, पर्यटन स्थलों, चिड़ियाघर और पार्क जैसे भीड़ बढ़ाने वाले स्थानों के संबंध में भी सरकार अपनी रणनीति बदल सकती है। सीएम नीतीश कुमार ने पहले ही साफ कर दिया है कि राज्य में तीसरी लहर जैसे हालात बनने लगे हैं।
दूसरी ओर, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि डीएम चाहें तो अपने स्तर से भी स्कूलों के संबंध में निर्णय ले सकते है। इसके लिए पहले से ही छूट दे दी गई है।
बता दें कि बिहार में जारी कोविड की मौजूदा गाइडलाइन की समयसीमा पांच जनवरी का खत्म हो रही है। इससे पहले हालात की समीक्षा करने और नई गाइडलाइन जारी करने के लिए राज्य में आपदा प्रबंधन समूल की बैठक हो सकती है।
बिहार में फिलहाल पांच जनवरी तक आनलॉक की पुरानी गाइडलाइन लागू है। इसमें नव वर्ष 2022 के उत्सव के ठीक पहले बड़ा संशोधन किया गया था। इसके तहत 30 दिसंबर से दो जनवरी तक के लिए राज्य के सभी पार्क और चिड़ियाघरों को बंद कर दिया गया था।
बगैर अनुमति के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लगा दी गई थी। उम्मीद है कि सोमवार को आपदा प्रबंधन समूह की बैठक होगी। इसमें स्कूल, पार्क, रेस्तरां, सार्वजनिक स्थलों आदि को लेकर नई गाइडलाइन जारी हो सकती है।
छोटे और मंझले निजी स्कूल फिलहाल कक्षाएं बंद करने के पक्ष में नहीं है। अगले कुछ ही दिनों में बच्चों की परीक्षाएं होनी हैं। इसे देखते हुए बहुत से लोग चाहते हैं कि स्कूल फिलहाल खुले रहे।
छोटे और मंझले स्कूलों को स्कूल बंद होने पर छात्रों के इधर-उधर जाने का डर रहता है और फी मिलने में भी समस्या होती है। सीएम नीतीश कुमार ने पिछले दिनों कहा था कि फिलहाल राज्य में हालात उतने अधिक बुरे नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा था कि सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है। तब से अब तक हालात अधिक खराब हो चुके हैं।
यह भी संभव है कि सरकार कोविड गाइडलाइन की बजाय शीतलहर और ठंड के मौसम का हवाला देकर कुछ दिनों के लिए स्कूलों को बंद कर दें। अगले दो से तीन दिनों में राज्य में न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने जताई है।
फिलहाल लाकडाउन जैसी बंदिशों की आशंका नहीं के बराबर है। केंद्र सरकार की गाइडलाइन में भी ऐसी कोई बात नहीं है। दूसरे राज्यों में भी ऐसी बंदिशें फिलहाल नहीं हैं, जहां कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रोन कहर बरपा रहा है। सरकार को जरूरी लगता है तो नाइट कफ्र्यू का फैसला जरूर लागू कर सकती है। हालांकि, संक्रमण रोकने में यह कितना कारगर होगा, कहना मुश्किल है। ऐसा इसलिए कि फिलहाल ठंड के कारण रात होते ही सड़कें स्वत: सूनी हो जा रही हैं। नाइट कफ्र्यू में भी रेल, बस और एयरपोर्ट के यात्रियों के अलावा आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट देनी ही पड़ती है।