मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए ट्रैफिक नियमों का विशेष रूप से पालन कराया जाएगा। वाहन चलाने के दौरान लोगों को रोड सेफ्टी व ट्रैफिक नियमों का पालन कराया जाएगा।
इस पर विशेष रूप से सख्ती भी बरती जाएगी, ताकि दुर्घटना में कमी आए। इसको लेकर प्रमंडल के सभी जिलों में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह बातें ट्रैफिक आइजी एमआर नायक ने समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रमंडल के सभी जिलों में ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या है। मुजफ्फरपुर में खासकर जाम की हर दिन समस्या हो रही है। इसको दूर करने को लेकर संबंधित अन्य विभागों से समन्वय बनाकर इससे निजात दिलाया जाएगा।
इन सभी बिंदुओं को लेकर तिरहुत प्रमंडल के सभी एसपी, एसएसपी व डीआइजी की बैठक बुलाई गई थी। समीक्षा के दौरान सभी जिलों में हो रही ट्रैफिक जाम की समस्याओं का आइजी ने अपडेट लिया।
इसके बाद ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने को लेकर करीब चार घंटे तक चली बैठक में ट्रैफिक आइजी ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर एसएसपी व एसपी को निर्देश दिए। बैठक में हाइवे पर हो रही दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। इसे रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया।
इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर से जांच अभियान भी चलाया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर तिरहुत रेंज आइजी पंकज सिन्हा, बेतिया रेंज के डीआइजी के साथ प्रमंडल के बगहा, बेतिया, मोतिहारी, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली के एसपी व मुजफ्फरपुर के एसएसपी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


