पटना। सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले लाभुकों को जीवन का प्रमाणीकरण करा लेना आवश्यक है। आगामी 31 जनवरी तक जीवन प्रमाणीकरण का सर्टिफिकेट नहीं देने की स्थिति में पेंशन धारकों का पेंशन बंद कर दिया जाएगा।
गोपालगंज जिले में सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायता निदेशक पिंकी शर्मा के अनुसार इस कार्य में सुस्ती बरतना पेंशन धारकों को महंगा पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जीवन प्रमाणीकरण के लिए 31 दिसंबर तक की तिथि निर्धारित की थी।
इस अवधि में काफी संख्या में लोगों ने जीवन का प्रमाणीकरण कराया। मगर अभी भी काफी संख्या में लोग इससे अब भी वंचित रह गए। ऐसे में विभाग ने 15 जनवरी तक की तिथि निर्धारित करते हुए इस कार्य को हर हालत में पूर्ण करने का निर्देश दिया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भी काफी अधिक संख्या में लोगों का लाइफ सर्टिफिकेट नहीं बन सका है। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी इसके लिए अंतिम मियाद निर्धारित की गई है।
इस अवधि में जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वालों के पेंशन को बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजना का पेंशन पाने वाले सभी लोग कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी जीवन प्रमाणीकरण का कार्य करा सकते हैं।
जीवन प्रमाणीकरण का कार्य नहीं कराने वाले लाभुकों को पेंशन योजना के लाभ से वंचित होना पड़ेगा। इसके लिए संबंधित व्यक्ति ही जिम्मेदार होंगे। सहायक निदेशक ने अनुसार जिले के कई प्रखंडों में जीवन प्रमाणीकरण का कार्य कछुआ गति से चल रहा है।


