संक्रांति के बाद भी मौसम के बिगड़े तेवर, ठंडी हवा के साथ-साथ बढ़ी कनकनी। पर्वतीय प्रदेशों से कनकनी लेकर आ रही उत्तरी पछुआ हवाओं ने बिहार में कनकनी बढ़ा दी है।

दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा में कनकनी होने से वातावरण ठंडा बना हुआ है। रविवार को दिनभर सूबे में सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ने से कनकनी बनी रही। गया में दिन भर कोल्ड डे जैसे हालात रहे।

यहां पारे में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने दिनभर कनकनी महसूस की। पटना में सुबह में जहां हल्का कुहासा छाया रहा लेकिन दिन चढ़ते ही मौसम साफ हो गया।

दोपहर में हवा की रफ्तार तेज हो गई। राजधानी में पछुआ हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रतिघंटा रही, जिससे धूप में भी ठंड का अहसास रहा।

पटना के अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बिहार में गोपलगंज सबसे सर्द रहा।