बिहार: बिहार में कारखानों की जांच के लिए चलाया जायेगा विशेष अभियान। जांच में विशेष रूप से कारखानों के बॉयलर की जांच होगी। मुजफ्फरपुर में हुए बॉयलर ब्लास्ट के बाद श्रम संसाधन विभाग हरकत में आया है। राज्यस्तरीय जांच की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। नियमों को ताक पर रखकर कारखाना चलाने वाले संचालकों पर विभाग करेगा कार्रवाई।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में पाया गया कि राज्य के कल-कारखानों के सुरक्षा मानकों की जांच होनी जरूरी है। समय-समय पर जांच नहीं होने के कारण संचालक मेरी मर्जी की तर्ज पर कारखाना चलाया करते हैं।

इसका परिणाम मुजफ्फरपुर हादसा के रूप में सामने आता है। इसलिए तय हुआ कि विभाग की विशेष टीम बनाकर राज्य भर में कारखानों की जांच की जाए। जांच में जिला प्रशासन के अधिकारियों का भी सहयोग लिया जा सकता है।
कारखानों की जांच की कार्रवाई मुजफ्फरपुर में जारी है। बॉयलर ब्लास्ट के बाद मुजफ्फपुर के सभी कारखानों की जांच की जा रही है। इसके बाद राज्य के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में अवस्थित कारखानों की जांच की जाएगी। वैसे कारखाने जो किसी औद्योगिक प्रक्षेत्र में नहीं हैं, वहां भी विभाग की टीम जांच करेगी।
