-राजस्थान के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर पहुंच चुके हैं. खबरों की मानें तो राहुल पर्यवेक्षकों से बातचीत करेंगे और राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम का ऐलान करेंगे.
-अशोक गहलोत और सचिन पायलट दिल्ली पहुंच गए हैं. थोड़ी देर बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात होगी. दिल्ली पहुंचने के बाद गहलोत ने कहा कि बुधवार एक प्रस्ताव पास किया गया कि राहुल गांधी जी निर्णय करेंगे. उसके मुताबिक पार्टी ऑबजर्वर राहुल गांधी से मिलेंगे और फैसला होगा. मुझे दिल्ली बुलाया गया तो मैं आ गया.
-मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायकों की एक बैठक शाम 4 बजे भोपाल में होने की खबर है.
-बुधवार को दिन भर की माथापच्ची और बैठकों के बाद भी पार्टी फैसला नहीं कर पायी जिसके बाद गुरुवार सुबह दोनों नेता दिल्ली पहुंचे जहां वे पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे. सचिन पायलट अपनी मां को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं.
राजस्थान
दफ्तर में बैठक, बाहर नारेबाजी आरएएफ तैनात, आज हटेगा पर्दा
राजस्थान में कांग्रेस के लिए सीएम का चयन सिरदर्द बन गया है. रात तक पार्टी तय नहीं कर पायी कि कमान अशोक गहलोत को दें या सचिन पायलट को. इससे पहले कांग्रेस के विधायकों की जयपुर में बैठक हुई, जिसमें सीएम चुनने का अधिकार राहुल गांधी को दिया गया. फिर भी जयपुर में पार्टी दफ्तर के बाहर पायलट व गहलोत के समर्थकों ने शक्ति का प्रदर्शन किया. एहतियातन आरएएफ को तैनात िकया गया.
कौन आगे : अधिकतर विधायक व युवा वर्ग पायलट के पक्ष में है. हालांकि, गहलोत की संभावना ज्यादा है. कांग्रेस भले सत्ता में आ रही है, लेकिन उसे बहुमत से एक सीट कम ही मिला है. ऐसे में एक अनुभवी व संकट मोचक की जरूरत है. गहलोत में वह गुण है.
मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में कमलनाथ की चर्चा िदल्ली में आज होगा फैसला
मध्य प्रदेश में भी सस्पेंस कायम है कि कमान कमलनाथ के हाथ में होगी या फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास. मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि कमलनाथ के नाम को आगे बढ़ाने की सहमति सिंधिया ने दे दी है. भोपाल में पार्टी विधायक दल की बैठक में पर्यवेक्षक एके एंटनी के साथ बैठक में सिंधिया व कमलनाथ के नाम पर लंबी चर्चा हुई.
कौन आगे : राज्य में ज्योतिरादित्य सिंधिया युवाओं की पसंद हैं, लेकिन कमलनाथ की संभावना ज्यादा है. वह अच्छे व्यवस्थापक माने जाते हैं. राज्य में चूंकि कांग्रेस छोटे दलों के सहयोग से सरकार बना रही है. ऐसे में कमलनाथ मिशन 2019 के लिए कांग्रेस के ज्यादा काम आ सकते हैं.
छत्तीसगढ़
देर रात तक हुई बैठक, तय नहीं हो सका कोई नाम
छत्तीसगढ़ में विधायक दल की बैठक से पहले सीएम के नाम को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की गयी. देर रात तक बैठकों का दौर चला. कांग्रेस पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं की राय ले ली गयी है. फैसला दिल्ली में होगा. संभवत: राहुल गांधी गुरुवार को एलान कर सकते हैं.
कौन आगे
राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल सीएम पद की रेस में सबसे आगे हैं. नक्सलियों के हमले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के समाप्त हो जाने के बाद उन्होंने राज्य में कांग्रेस को नये सिरे से खड़ा करने की कोशिश की. हालांकि, राज्य में विपक्ष के नेता टीएस सिंहदेव पर सभी की नजर है. सरगुजा राजपरिवार के वारिस 66 वर्षीय सिंहदेव का रुतबा पूरे छत्तीसगढ़ में है. वे इतने लोकप्रिय हैं कि लोग उन्हें टीएस बाबा कहकर पुकारते हैं.