पटना. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एमपी, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में हमलोग मजबूती से लड़े। पर, चुनाव परिणाम आशा के अनुरूप नहीं रहे। जनता के फैसले का आदर करता हूं। लगे हाथ यह भी कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की है। जल्द ही एक्सपोज हो जाएगी।
राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा- जब भाजपा जीतती है तब ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं। योगी बुधवार शाम महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। वह जनकपुर में सीता-राम विवाह समारोह में भाग लेने के बाद पटना पहुंचे थे।
फोरलेन बनने से 5 घंटे में ही अयोध्या से जनकपुर
मिथिला और अवध दोनों की संस्कृतियां अत्यंत प्राचीन हैं इसलिए अयोध्या से जनकपुर को रामायण सर्किट से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इसके तहत फोरलेन सड़क बन जाने से लोग पांच घंटे में अयोध्या से जनकपुर जा सकेंगे। ये बातें जनकपुरधाम में विवाह पंचमी महोत्सव में योगी ने कहीं।
राज्यपाल व सीएम से मिले योगी राजनीतिक हालात पर हुई चर्चा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राज्यपाल लालजी टंडन से राजभवन व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 1, अणे मार्ग जाकर शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्रम भेंट कर अभिनंदन किया।
वहीं राज्यपाल ने उनके लिए रात्रिभोज का आयोजन किया, जिसमें सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, मंत्री नंदकिशोर यादव, यूपी के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन, राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, पटना की मेयर सीता साहू के साथ स्थानीय विधायक भी शामिल हुए।
आदित्यनाथ ने कुम्भ में आने का दिया निमंत्रण
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कुंभ में आने का निमंत्रण दिया है। सीएम ने उनके आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया। योगी देर शाम नीतीश कुमार से मुलाक़ात करने सीएम हाउस पहुंचे थे। वह बुधवार को भारत साधु सेवक समाज के महामंत्री स्वामी हरिनारायनानंद से मिलने जनकपुर से पटना आए थे। स्वामी को देखने वे पारस अस्पताल भी गए।
स्वामी जी योगी के गुरु के मित्र हैं और पिछले 70 सालों से लगातार गोरखपुर के आयोजन में शामिल होते रहे हैं। पर, इस साल बीमार होने के कारण वहां नहीं जा सके थे। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने स्वामी हरिनारायनानंद जी के इलाज के लिए सहयोग राशि भी दी। इस अवसर पर उनके उत्तराधिकारी स्वामी केश्वानंद, मीठापुर कबीरपंथी आश्रम के महंथ ब्रजेश मुनि आदि उपस्थित थे।