मुजफ्फरपुर। नगर निगम ने बकाएदारों से संपत्ति कर वसूलने के लिए टीम बनाई है। बताया जा रहा है कि संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों से 31 मार्च तक बकाए की वसूली की जाएगी।
शहर के निजी व सरकारी भवनों के ऊपर बकाया होल्डिग टैक्स की वसूली के लिए निगम ने टीम का गठन किया है, जिसमें कर शाखा में काम करने वाले आधा दर्जन कर्मियों को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
टैक्स दारोगा अखिलेश कुमार सिन्हा को वार्ड नंबर 01-25 एवं सरकारी भवनों के होल्डिग टैक्स वसूली के प्रभारी नूर आलम को वार्ड नंबर 26-49 तक में जितने भी निजी होल्डिग स्वामियों के यहां राशि बकाया है,
तहसीलदार के माध्यम से लाल नोटिस भेजते हुए 31 मार्च से पहले हर हाल में राशि जमा कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा रमेश प्रसाद कौशल व अमरेश कुमार को भी इस स्पेशल अभियान में लगाया गया है।
अभी तक निर्धारित लक्ष्य का सिर्फ 63 प्रतिशत ही राशि की वसूली हो पाई है। सरकारी बिल्डिग से टैक्स वसूली करने की जो रफ्तार है,वह काफी खराब है। सरकारी बिल्डिग पर कुल बकाया राशि 6.29 करोड़ रुपये है, लेकिन अब तक महज 23.57 लाख रुपये की ही वसूली हो पायी है।
निजी भवनों के होल्डिग स्वामी के यहां 13.31 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य रखा गया है। इसके अनुपात में अब तक 8.39 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। शहर में 55 हजार से अधिक निजी व 400 से ज्यादा सरकारी भवन है।


