मुजफ्फरपुर। कालाजार उन्मूलन को लेेकर दवा छिड़काव की कवायद चल रही है। नियमित तौर पर जिन गांवों में कालाजार के मरीज मिल रहे वहां मार्च के अंतिम सप्ताह में एसपी (सिंथेटिक पाइरेथ्रोइड) दवा का छिड़काव कराया जाएगा।
जिले में ऐसे 279 गांवों का चयन किया गया है। जिला वेक्टर जनित रोग पदाधिकारी डा.सतीश कुमार ने बताया कि जिला कालाजार नियंत्रण के मानक स्तर पर पहुंच चुका है।
रोग के पूरी तरह से उन्मूलन के लिए पहल चल रही है। इसी कड़ी में कालाजार खोज अभियान चल रहा है।
डा. कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय मानक के हिसाब से 10 हजार की आबादी पर एक या शून्य मरीज होने पर जिले को कालाजार से मुक्त माना जाता है।
छिड़काव के लिए पंचायत स्तर पर आशा के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिस गांव में छिड़काव कराया जाएगा वहां आशा के माध्यम से पहले लोगों को जागरूक किया जाएगा। राज्य मुख्यालय को छिड़काव के लिए प्लान बनाकर भेज दिया गया है।
