पटना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने सोमवार को एनएच-19 पर पटना में महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गंगा पर फोरलेन ब्रिज के लिए 2926 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। जनवरी 2023 तक 5.63 किमी के इस पुल का निर्माण पूरा किया जाएगा।
कम होगा गांधी सेतु का दबाब
उत्तर बिहार को दक्षिण बिहार से जोड़ने वाले इस पुल से महात्मा गांधी सेतु का दबाब कम होगा और यातायात सुगम होगा।

इस पुल की कुल लागत में निर्माण लागत 2411.5 करोड़ रुपये होगी। कुल लागत में 79.75 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास व व्यवस्थापन पर खर्च किए जाएंगे। निर्माण इंजीनियरिंग प्रोक्यूरमेंट कंस्ट्रक्शन (एपीसी) मोड में किया जाएगा।
पूरे प्रोजेक्ट की लंबाई 14.5 किलोमीटर होगी, जिसमें पुल व एप्रोच रोड शामिल हैं। इस पर चार अंडर पास, एक रेल ओवरब्रिज का भी निर्माण होगा। निर्माण पटना की तरफ से शुरू होगा।
गांधी सेतु राज्य में किसी भी नदी पर आठ लेन चौड़ाई वाला पहला महासेतु बन जाएगा। कुल 13 किलोमीटर एलिवेटेड निर्माण वाले इस महासेतु के पटना की तरफ कंकड़बाग ओल्ड बायपास से एलिवेटेड निर्माण शुरू होगा। इससे ओल्ड बायपास से गायघाट तक अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

वर्तमान गांधी सेतु के पश्चिम की तरफ बनने वाले इस नये गांधी सेतु के पुल हिस्से के निर्माण में कोई बाधा नहीं है। अगम कुआं में रेलवे लाइन के ऊपर से महासेतु बनना है।