मुजफ्फरपुर। बार-बार नोटिस देने के बाद भी बकाया प्रापर्टी टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों का नाम नगर निगम सार्वजनिक करेगा। उनके नाम को सार्वजनिक स्थलों पर लगे होर्डिंग पर दर्ज किया जाएगा।
इसके बाद भी वे नहीं माने तो उनकी संपत्ति को जब्त कर नीलाम किया जाएगा और बकाए टैक्स की वसूली की जाएगी। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने इसके लिए राजस्व शाखा से एक लाख रुपये से अधिक का बकाया रखने वाले होल्डगिं स्वामी के नाम को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है।

राजस्व शाखा ने ऐसे चार दर्जन लोगों की सूची तैयार कर ली है शहर में 55 हजार से अधिक होर्डिंग है। चालू वित्तीय वर्ष में 13.50 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा गया था लेकिन नगर निगम अब तक महज 64 प्रतिशत टैक्स की वसूली कर पाया है।
नगर आयुक्त ने सभी टैक्स दारोगा एवं वसूलीकर्ताओं को भी इस कार्य में तेजी लाने को कहा है।
नाला साफ हुआ, कनीय अभियंता को देना होगा प्रमाणपत्र
नगर निगम बरसात पूर्व शहर की सभी नालों की उड़ाही करा लेने को मिशन मोड में है। शहर के सभी नालों की उड़ाही पर अभियंताओं की नजर रहेगी।
नाला साफ होने पर कनीय अभियंताओं को इस बार का प्रमाण पत्र देना होगा कि उनके इलाके का नाला साफ हो गया है। इस आशय का निर्णय सोमवार को निगम कार्यालय में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई अभियंताओं की बैठक में लिया गया।
